Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए जीआरपी की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 24 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीआईए जीआरपी को सूचना मिली थी कि अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर एक युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्लेटफार्म पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया।
सीआईए जीआरपी थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल के रूप में हुई। पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली तो बैग से 24 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह नशीला पदार्थ राजस्थान के भीलवाड़ा से लेकर आया था और इसे पंजाब में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के अनुसार अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन आरोपी के लिए एक ट्रांजिट प्वाइंट था। यहां से उसे नशीले पदार्थ की खेप आगे पंजाब पहुंचानी थी, लेकिन इससे पहले ही सीआईए जीआरपी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि नशीले पदार्थ की खेप किसके कहने पर लाई गई थी और पंजाब में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सीआईए जीआरपी थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और मामले की जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।