एजेंसी। नई दिल्ली
रक्षाबंधन के मौके पर देश के अलग-अलग राज्यों में नेताओं ने भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के प्रतीक इस पर्व को उत्साह के साथ मनाया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आए बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखियां बांधीं और मिठाई खिलाई।
रेखा गुप्ता ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी खुशियों तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।रेखा गुप्ता ने बच्चों के साथ मनाए रक्षाबंधन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने बच्चों के स्नेह को अपने लिए आशीर्वाद बताया और कहा कि बच्चों की मुस्कान बनी रहे तथा उन्हें अपने सपने पूरे करने के पर्याप्त अवसर मिलें। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजीत कुमार और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने तीनों के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। दीया कुमारी ने कहा कि यह पर्व प्रेम, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का संदेश देता है। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पार्टी के कई नेताओं को रक्षासूत्र बांधा और उनके सुख-समृद्धि की कामना की। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना स्थित अपने आवास पर ब्रह्माकुमारी बहनों से राखी बंधवाई। नेताओं ने रक्षाबंधन को आपसी स्नेह, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का पर्व बताते हुए शुभकामनाएं दीं। रक्षाबंधन के अवसर पर नेताओं के इन कार्यक्रमों में राजनीतिक गतिविधियों से अलग पारिवारिक और सामाजिक जुड़ाव की तस्वीर दिखाई दी। अलग-अलग राज्यों में हुए आयोजनों में एक-दूसरे के स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की गई।