समर न्यूज । रोपड़
रोपड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एस. मनिंदर सिंह, आईपीएस को फेम इंडिया एशिया पोस्ट की ओर से जारी राष्ट्रीय सूची में भारत के 25 सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारियों में शामिल किया गया है। उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण, प्रभावी नेतृत्व और जन-केंद्रित पुलिसिंग में उनके प्रदर्शन के लिए इस सूची में स्थान दिया गया है।
2019 बैच के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी मनिंदर सिंह ने जनवरी 2026 में रोपड़ के एसएसपी का पद संभाला था। इससे पहले पंजाब के विभिन्न जिलों में अलग-अलग जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में पुलिस कार्रवाई का नेतृत्व किया।
मानसा में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनाती के दौरान उन्होंने मूसा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड को 72 घंटे के भीतर सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। अमृतसर दक्षिण में तैनाती के दौरान उनके नेतृत्व में एक हथगोला, 4.7 किलोग्राम हेरोइन, ड्रोन और 67.59 लाख रुपये की नशीली दवाओं की रकम बरामद की गई।
तीन अंधे कत्ल के मामले सुलझाए व तीन नाबालिग लड़कियों को भी बरामद किया गया। तरनतारन में एसपी मुख्यालय रहते हुए सिंह ने 100 से अधिक प्रदर्शनों को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला। उन्होंने पुलिस बल के करीब 50 प्रतिशत हिस्से को फील्ड थानों में पुनः तैनात किया।