Summer express, चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में पत्नी की हत्या कर उसका शव घर के भीतर दफनाने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब ग्रामीणों ने दंपती की बेटी को उसकी मां गुरुबारी हांसदा के कई दिनों से लापता होने की जानकारी दी। इसके बाद बेटी नगिश्री गागराई तुंगी गांव स्थित अपने घर पहुंची, लेकिन मां का कोई पता नहीं चला। यह गांव पंद्राशाली पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
मां के लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका के चलते नगिश्री ने अपने पिता राम हांसदा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राम ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को घर के अंदर दफना दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद आईपीएस अधिकारी राज कुमार जयराजू के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने शनिवार को पूछताछ के लिए राम हांसदा को हिरासत में लिया।
चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बाहमन टूटी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घर के एक कमरे में खुदाई कर गुरुबारी का शव बरामद किया। रांची से पहुंची फोरेंसिक टीम ने कथित वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून से सनी मिट्टी को जांच के लिए जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में राम हांसदा ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात पत्नी के खाना नहीं बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया, ताकि घटना का पता न चल सके। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।