भाजपा नेता राम कुमार ने कांग्रेस नेताओं की भाषा और सभ्यता पर उठाए सवाल
Summer express/ऊना/ राकेश -:भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राम कुमार शर्मा ने कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राम कुमार ने कांग्रेस नेताओं की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के कारण कांग्रेस नेता बौखलाहट में मर्यादा भूल रहे हैं।राम कुमार ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पहले भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयानों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता ने चार बार के विधायक सतपाल सत्ती की बीमारी को लेकर सतपाल रायजादा की टिप्पणी को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक राकेश कालिया, विवेक शर्मा और एससी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार सहित कई नेता मौजूद दिखाई देते हैं। राम कुमार का आरोप है कि टिप्पणी के दौरान नेताओं ने रायजादा को रोकने के बजाय हंसकर प्रतिक्रिया दी।उन्होंने इस घटनाक्रम की तुलना महाभारत में कौरवों की सभा में हुए अपमान से करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की चुप्पी उनकी मानसिकता को दर्शाती है।वहीं, सतपाल सत्ती से जुड़े अन्य विवादों पर राम कुमार ने कहा कि होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों से संबंधित आरोपों का मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। प्रियंका गांधी और महिलाओं को लेकर विधानसभा में सत्ती की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि उनके बयानों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।