Summer express/मोनिका रावत, पिंजौर:एचएमटी और सूरजपुर बीच हुए देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार गाड़ीवो के बाइक को टक्कर मारने के कारण हुआ। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय जितेंद्र और 32 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों पेट्रोल डलवाकर बाइक पर अपने घर रतपुर कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सूरजपुर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-6, पंचकूला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मुकेश और जितेंद्र मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और वर्तमान में रतपुर कॉलोनी, पिंजौर में किराए पर रह रहे थे। जितेंद्र अब्दुल्लापुर कॉलोनी में मिल के पास टेलर की दुकान चलाता था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। अमरावती चौकी पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।