Summer express, इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सोमवार सुबह एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। टी वाइचोंग उपमंडल के एन तेइखांग गांव में संदिग्ध उग्रवादियों ने हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 65 वर्षीय एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और कई ग्रामीण जान बचाने के लिए घर छोड़कर जंगलों में चले गए।
जिले के एक अधिकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। एन तेइखांग गांव में हथियारबंद लोगों ने अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। हमले में लामतिनथांग (35) और नेइचिन की मौत हो गई। वहीं सेइलुन (65) गोली लगने से घायल हुए हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई घरों में लगाई आग
अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी के दौरान हमलावरों ने कई घरों को भी आग के हवाले कर दिया। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। अपनी सुरक्षा को देखते हुए कई परिवार घरों से निकलकर आसपास के जंगलों में चले गए।
अधिकारी ने बताया कि इलाके के एक पहाड़ी गांव में दोनों समुदायों से जुड़े हथियारबंद समूहों के बीच भीषण गोलीबारी की सूचना मिली है। स्थिति को नियंत्रित करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा जा रहा है।
कुछ दिन पहले वाहन पर हुआ था हमला
कांगपोकपी जिले में हिंसा की यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही संदिग्ध उग्रवादियों ने एक वाहन को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया था। उस घटना में चार नगा नागरिकों की मौत हुई थी, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था।
लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षा बलों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।