Summer express, सुंदर कुंडू , पलवल। होडल क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर सराय खटेला के पास पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार से 35 पेटी अवैध शराब बरामद की है। कार में कुल 420 शराब की बोतलें मिली हैं। पुलिस ने शराब तस्करी के संदेह में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि सराय खटेला के नजदीक एक सफेद रंग की वैगनआर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
थाने में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध शराब की 420 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब 35 पेटियों में रखी हुई थी। इसके बाद वाहन पर लगी नंबर प्लेट की जांच की गई तो वह फरीदाबाद जिले की पाई गई।
पुलिस ने नंबर प्लेट और वाहन के चेसिस नंबर का मिलान किया तो दोनों में अंतर सामने आया। जांच में पता चला कि नंबर प्लेट फर्जी है, जबकि कार उत्तर प्रदेश में पंजीकृत है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वाहन का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था।
मुंडकटी थाना पुलिस ने अज्ञात शराब तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वाहन के वास्तविक मालिक और शराब की खेप से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।