Summer express/देहरा,गुलशन धनोहा-: ग्राम पंचायत सूरजपुर के वार्ड नंबर-3 स्थित राणा बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक घर के समीप करीब 12 फीट लंबे विशाल अजगर को देखा। अजगर को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया और कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।बताया जा रहा है कि यह अजगर एसबीआई से सेवानिवृत्त ईश्वर पाल सिंह के घर के पास दिखाई दिया। विशालकाय अजगर को देखकर ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए उसे पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास नहीं किया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग देहरा को दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम में बीओ सुनील, बीओ विनोद, बीओ रत्न, वनरक्षक संदीप, वनरक्षक सोनिया और वनरक्षक मीनाक्षी शामिल रहे। टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद पूरी सावधानी के साथ अजगर को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।काफी सतर्कता के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में ले लिया। रेस्क्यू के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि अजगर को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले गई और सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया।अजगर के रेस्क्यू होने के बाद राणा बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों के मुताबिक इतने बड़े अजगर को पहली बार इतने करीब देखकर लोग काफी भयभीत हो गए थे।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी के आसपास सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराकर कोई कदम न उठाएं और न ही उसे पकड़ने अथवा मारने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम वन्यजीव का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में पहुंचा सके।