Summer express , गुरुग्राम। मानेसर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम पर देर शाम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान रेहड़ी-पटरी संचालकों ने कथित तौर पर पथराव कर दिया। घटना गांव अलीयर-बास्कुशला स्थित शंकर की ढाणी के पास मुख्य सड़क पर हुई। निगम की टीम यहां सड़क किनारे बनी अवैध मार्केट और रेहड़ियों को हटाने पहुंची थी। पथराव में नगर निगम के दो कर्मचारी घायल हो गए, जबकि टीम के वाहनों के शीशे भी टूट गए।
जानकारी के अनुसार, शंकर की ढाणी के पास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से अवैध रूप से मार्केट और रेहड़ियां लगाई जा रही थीं। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसी के चलते गुरुवार शाम करीब सात बजे मानेसर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीओ विकास शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में जेई देविंदर और मंदीप समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने करीब 80 प्रतिशत अतिक्रमण शांतिपूर्वक हटवा दिया। इसके बाद जब सड़क किनारे बची हुई रेहड़ियों को हटाने और जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई तो कुछ रेहड़ी संचालक कथित तौर पर उग्र हो गए। उन्होंने अचानक निगम की टीम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों को जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा।
पथराव की चपेट में आने से नगर निगम के दो कर्मचारियों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। हमलावरों ने निगम की गाड़ियों को भी निशाना बनाया, जिससे वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराने के साथ मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार कराई गई।
घटना के संबंध में नगर निगम अधिकारियों ने आईएमटी मानेसर के सेक्टर-7 थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। निगम अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।