Summer express , अनुज पंचाल ,गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर को लेकर गुरुग्राम में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। तस्वीर में एक पुलिसकर्मी महिला सफाई कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वायरल तस्वीर को हिसार से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा था। कांग्रेस नेता और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति (SC) विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल धानक ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर तस्वीर को फर्जी और AI से तैयार की गई इमेज बताया।
अनिल धानक ने आरोप लगाया कि इस तरह की फर्जी तस्वीरों के जरिए SC समाज की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य की पुष्टि किए सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें प्रसारित करने से समाज में गलत संदेश जाता है और लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
धानक ने बताया कि उन्होंने हिसार पुलिस प्रशासन से इस मामले में बातचीत की है। उनके अनुसार, पुलिस ने उन्हें जानकारी दी कि फर्जी तस्वीर को वायरल करने के मामले में FIR दर्ज की गई है और पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। उन्होंने मांग की कि तस्वीर को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेता ने हरियाणा सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने हरियाणा के DGP से भी अपील की कि यदि किसी वास्तविक मामले में पुलिसकर्मियों द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार या बर्बरता सामने आती है तो ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अनिल धानक ने सफाई कर्मचारियों के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग करते हुए कहा कि समाज के इस वर्ग के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि किसी भी तस्वीर या वीडियो को सत्यापित किए बिना आगे प्रसारित न करें। धानक ने कहा कि यदि वायरल तस्वीर AI से तैयार की गई फर्जी इमेज है तो इसे फैलाने से समाज में अनावश्यक तनाव और गलतफहमी पैदा होती है। उन्होंने फर्जी तस्वीर को तत्काल हटाने और इसे प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
धानक ने कहा कि SC समाज की छवि खराब करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की तह तक पहुंचकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।