summer express, लुधियाना । थाना दरेसी क्षेत्र के परिंगल ग्राउंड में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ई-रिक्शा की ड्राइविंग सीट पर 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान मुन्ना के रूप में हुई है। वह इलाके की एक स्थानीय फैक्ट्री में ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। दोपहर से लापता युवक की तलाश में परिजन और फैक्ट्री प्रबंधन जुटे हुए थे। शाम को उसकी लाश मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
फैक्ट्री मालिक नवीन के अनुसार, मुन्ना रोजाना की तरह सोमवार को काम पर आया था। दोपहर करीब 12 बजे के बाद वह अचानक लापता हो गया। इसके बाद परिजनों और फैक्ट्री के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। नवीन ने बताया कि मुन्ना के मोबाइल फोन पर कई बार कॉल की गई, लेकिन उसने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।
शाम के समय परिंगल ग्राउंड के पास लोगों की भीड़ जमा होने और शोर सुनाई देने पर परिजनों व फैक्ट्री प्रबंधन को ई-रिक्शा में युवक के बेसुध पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो मुन्ना की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि मुन्ना नशे का सेवन करता था और इसी आधार पर उसकी मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका जताई गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।