लाखों रुपये का नुकसान, टिप्पर चालक वाहन छोड़कर फरार
गुरमीत सिंह | जीरकपुर
समर न्यूज
मोहाली से मैकडी चौक जीरकपुर की ओर जाने वाली 200 फुटी सड़क पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार रेत से भरे टिप्पर ने सड़क किनारे खड़े तीन बड़े कंटेनर/ट्रकों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद टिप्पर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
वाहन मालिक गांव छत निवासी गुरमेल सिंह ने बताया कि हादसा रात करीब एक बजे हुआ। उनकी गाड़ियां सड़क के किनारे कच्चे हिस्से में खड़ी थीं। इसी दौरान मोहाली की तरफ से रेत से भरा टिप्पर तेज गति से आया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टिप्पर की रफ्तार काफी अधिक थी। आरोप है कि चालक ने खड़े वाहनों में सीधे टक्कर मार दी। हादसे में वाहन चालकों को चोटें आने की जानकारी है।
पीड़ित वाहन मालिकों के अनुसार टक्कर से दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं और उन्हें करीब 20 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश शुरू कर दी है।
विशेष नाकेबंदी की मांग
पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायत भी दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीआर-7 रोड पर रात के समय तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण के लिए विशेष नाकेबंदी की जाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।