Summer express/शिमला, संजू-: नशे के खिलाफ शिमला पुलिस ने अब तस्करों की अवैध कमाई पर सीधा प्रहार शुरू कर दिया है। ठियोग के एक NDPS मामले में पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगियों से जुड़ी करीब ₹1.64 करोड़ की चल-अचल और वित्तीय संपत्तियां सीज की हैं। पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करी के नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।मामला पुलिस थाना ठियोग में 10 जून 2026 को दर्ज FIR संख्या 77/2026 से जुड़ा है। आरोपी सोहन लाल उर्फ हैपी की रहीघाट स्थित नाई की दुकान से पुलिस ने करीब 71 ग्राम अफीम बरामद की थी। जांच आगे बढ़ने पर सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर लंबे समय से ठियोग, कोटखाई, रोहड़ू और आसपास के क्षेत्रों में अफीम की तस्करी से जुड़ा था।
इसके बाद पुलिस ने मामले की वित्तीय जांच शुरू की और आरोपी तथा उसके सहयोगियों की संपत्तियों, बैंक खातों और आय के स्रोतों की पड़ताल की। जांच में आवासीय प्लॉट, कृषि भूमि, दो मंजिला दुकान, वाहन तथा बैंक और डाकघर खातों में जमा रकम समेत कुल ₹1.64 करोड़ से अधिक की संपत्ति चिन्हित की गई।पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया इन संपत्तियों का संबंध नशे के अवैध कारोबार से अर्जित आय से पाया गया। इसी आधार पर NDPS एक्ट के तहत संपत्तियों को सीज किया गया है।शिमला पुलिस के अनुसार, 2026 में अब तक 12 NDPS मामलों में ₹8 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ उनकी अवैध कमाई और संपत्ति पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।