चंडीगढ़-हरियाणा बॉर्डर से शहर तक 19 नाके; SSP वरुण शर्मा बोले- विजिबल और प्रो-एक्टिव पुलिसिंग पर रहेगा फोकस, ड्रंकन ड्राइव करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
मोहाली। सागर पाहवा
रात के समय अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए मोहाली पुलिस ने नाइट डॉमिनेशन को तेज कर दिया है। पंजाब के डीजीपी के निर्देशों के तहत चल रहे इस अभियान में शहर की सीलिंग से लेकर चंडीगढ़ और हरियाणा से सटे इलाकों तक पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। मंगलवार को फेस-3बी2 में मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी वरुण शर्मा ने साफ कर दिया कि अपराधियों और खासकर गैंगस्टर्स के प्रति पुलिस का रवैया सख्त रहेगा।
SSP ने कहा कि नाइट डॉमिनेशन के दौरान सिटी सीलिंग और डिस्ट्रिक्ट सीलिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सिटी सीलिंग के तहत 19 नाके लगाए गए हैं। वहीं चंडीगढ़ और हरियाणा से सटे इलाकों में डिस्ट्रिक्ट सीलिंग के तहत संबंधित थाना प्रभारियों और सर्कल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
नाकों की निगरानी के लिए गजेटेड अफसर
सिर्फ नाके लगाकर पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी निगरानी भी की जाएगी। SSP ने बताया कि सिटी सीलिंग की सुपरविजन के लिए एक गजेटेड ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जो मौके पर जाकर पुलिस की तैनाती और व्यवस्था का जायजा लेगा।
तीन प्वाइंट पर पुलिस का फोकस
SSP के मुताबिक नाइट डॉमिनेशन के दौरान पुलिस ने तीन प्रमुख क्राइटेरिया तय किए हैं—शिफ्ट रिस्पॉन्स, विजिबल पुलिसिंग और प्रो-एक्टिव पुलिसिंग। यानी घटना होने के बाद मौके पर पहुंचने के साथ-साथ पुलिस पहले से ही संवेदनशील स्थानों पर दिखाई देगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करेगी।
शराब पीकर गाड़ी चलाई तो खैर नहीं
रात के समय ड्रंकन ड्राइव पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर उनके चालान किए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य रात के समय होने वाले सड़क हादसों और अन्य घटनाओं पर भी रोक लगाना है।
गैंगस्टर्स को संदेश- पुलिस से नरमी की उम्मीद न रखें
गैंगस्टर्स को लेकर SSP वरुण शर्मा ने बेहद सख्त संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैंगस्टर्स के लिए पुलिस की तरफ से कोई सॉफ्ट कॉर्नर नहीं होगा। अपराध करने वालों के खिलाफ हार्ड पुलिसिंग की जाएगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।
SSP ने दो टूक कहा कि “जो जैसा करेगा, वैसा ही उसके साथ होगा।” पुलिस का यह संदेश ऐसे तत्वों के लिए साफ चेतावनी माना जा रहा है, जो शहर में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश करते हैं।