हरियाणवी अंदाज में संघर्ष और पुराने साथियों को किया याद
समर न्यूज। चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया पर अपनी 1996 की एक पुरानी तस्वीर साझा कर संघर्ष के शुरुआती दिनों की यादें ताजा की हैं। तस्वीर में वह सफेद शर्ट पहने पुराने कंप्यूटर के सामने बैठे दिखाई दे रहे हैं। उस दौर के बड़े मॉनिटर, की-बोर्ड और माउस वाली इस तस्वीर को उन्होंने मौजूदा सोशल मीडिया पर चल रहे 80 के दशक की यादों से जुड़े रुझान के साथ साझा किया।
सैनी ने तस्वीर के साथ हरियाणवी अंदाज में लिखा कि यह पुरानी याद मेहनत की कहानी से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि यह वह समय था, जब उन्होंने पहली बार कंप्यूटर चलाया था और मन में बड़े सपने संजोए थे। मुख्यमंत्री ने अपने संघर्ष के दिनों में मिले लोगों के प्यार और आशीर्वाद के लिए भी आभार जताया।
मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक तुषार सैनी के अनुसार, तस्वीर 1996 की है। उस समय नायब सैनी भाजपा के अंबाला कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करते थे। बताया गया कि तत्कालीन हरियाणा भाजपा प्रभारी नरेंद्र मोदी ने उस समय पार्टी कार्यालय में कंप्यूटर भिजवाया था, जिस पर सैनी काम करते थे। नायब सैनी के राजनीतिक सफर की शुरुआत संगठनात्मक गतिविधियों से हुई।
उन्होंने पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई और लंबे समय तक संगठन के साथ जुड़े रहे। पुरानी तस्वीर के जरिए मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर और उन दिनों की मेहनत को याद किया।