गुरशरण सिंह | मोहाली
समर न्यूज
नगर निगम के पार्षद परमजीत सिंह काहलों ने फेज-7 मार्केट में सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई ठेकेदार की ओर से जरूरी प्रबंध नहीं किए जाने के कारण मार्केट में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे दुकानदारों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
काहलों ने कहा कि मार्केट के दुकानदारों ने कई बार नगर निगम की सफाई शाखा तक पहुंचकर व्यवस्था सुधारने की मांग की, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने मार्केट की सफाई का काम ठेके पर दिया हुआ है, लेकिन संबंधित ठेकेदार की ओर से न तो नियमित और उचित तरीके से सफाई करवाई जा रही है और न ही समय पर कूड़ेदानों से कचरा उठाया जा रहा है। काहलों के अनुसार, इसी लापरवाही का नतीजा है कि मार्केट के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि दुर्गंध और अस्वच्छ माहौल के कारण लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि सफाई व्यवस्था की तुरंत समीक्षा की जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मार्केट में नियमित सफाई और समय पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुकानदारों और आम लोगों को राहत मिल सके।