अमृतसर | देश की आस्था का केंद्र श्री दरबार साहिब को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की शिकायत पर अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ईमेल में आरडीएक्स से दरबार साहिब को उड़ाने की बात कही गई है और विशेष समय को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। SGPC सदस्य कुलवंत सिंह मनन के अनुसार, यह ईमेल डर का माहौल बनाने की साजिश लग रही है।
पूरे क्षेत्र में कड़ा सुरक्षा पहरा
धमकी मिलने के बाद SGPC की टास्क फोर्स को गुरुद्वारा परिसर के भीतर संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस ने श्री दरबार साहिब के बाहर और आस-पास के क्षेत्रों में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है, जिसमें बम डिस्पोजल स्क्वॉड और कमांडो फोर्स भी शामिल हैं।
पुलिस का बयान और जांच की दिशा
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ईमेल की जांच स्टेट साइबर क्राइम एजेंसियों को सौंप दी गई है और जल्द ही धमकी भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में ईमेल किसी दक्षिण भारत के संदिग्ध स्रोत से भेजी गई प्रतीत हो रही है।
शहरवासियों से अपील
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और घबराएं नहीं। पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। फिलहाल, पूरे अमृतसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और जांच तेजी से जारी है।