श्रीलंका में समुद्री हादसे में हिसार के जिला अटॉर्नी के इकलौते बेटे की मौत

Karuna
2 Min Read

summer express, हिसार। श्रीलंका में हुए समुद्री हादसे में हिसार के जिला अटॉर्नी सुनील कुमार परुथी के इकलौते बेटे समर्थ की मौत हो गई। 25 वर्षीय समर्थ दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गए थे। हादसा , समुद्र में राफ्टिंग के दौरान हुआ। घटना में समर्थ के अलावा दो अन्य युवक भी समुद्र में डूब गए, जिन्हें बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जिला बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया के अनुसार, समर्थ 9 सितंबर को करीब 15 से 20 दोस्तों के साथ श्रीलंका गए थे। उनकी 16 सितंबर को हिसार लौटने की योजना थी।  समुद्र में राफ्टिंग के दौरान यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे परिवार को मिली। उस समय सुनील कुमार परुथी कोर्ट में मौजूद थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात परिवार के सदस्य फ्लाइट से श्रीलंका के कोलंबो पहुंच गए। परिजन समर्थ का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। उधर, हिसार बार एसोसिएशन ने समर्थ की मौत के शोक में मंगलवार को न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया है।

समर्थ अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी बड़ी बहन का कुछ समय पहले ही विवाह हुआ था। समर्थ ने मुंबई स्थित नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट से बीबीए की पढ़ाई पूरी की थी और हिसार में अपना व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रहे थे। उनके दादा ज्ञान चंद फतेहाबाद के भूना गांव के पूर्व सरपंच रह चुके हैं।

समर्थ की मौत की खबर से हिसार के साथ उनके पैतृक गांव भूना में भी शोक का माहौल है। परिवार और परिचित हादसे में घायल दोनों युवकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *