गुड़गांव | गुड़गांव में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग केस में एक नया सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें उनकी थार गाड़ी का पीछा करती हुई एक सफेद टाटा पंच गाड़ी साफ दिख रही है। दोनों गाड़ियां एक ही दिशा में मात्र 10 सेकंड के अंतर से जाती दिखाई देती हैं।
पहले तक गोली चलने के सबूत न मिलने का दावा करने वाली पुलिस ने अब गोली चलने के एक प्रमाण मिलने की बात स्वीकार की है। साथ ही, संदिग्ध पंच गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। हालांकि, पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
राहुल फाजिलपुरिया का दावा है कि उसी पंच गाड़ी में सवार दो बदमाशों ने रास्ते में उनकी गाड़ी को रोककर फायरिंग की थी। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गए।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने पुष्टि की है कि गोली चलने का एक प्रमाण मिला है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि राहुल को पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली थी, जिसके चलते उन्हें सुरक्षा दी गई थी, लेकिन तीन महीने पहले पुलिस ने वह सुरक्षा वापस ले ली थी। अब हमले के बाद पुलिस दोबारा सक्रिय हो गई है।