15 July, 2025
भारत की अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने ताशकंद के डोस्टलिक स्टेडियम में खेले गए पहले मैत्रीपूर्ण मुकाबले में उज़्बेकिस्तान को 1-1 की बराबरी पर रोका। सोमवार देर रात खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मैच का पहला गोल 38वें मिनट में उज़्बेकिस्तान की खिलाड़ी मैक्सरिबोन एगम्बरदियेवा ने किया, जो पहले ही देश की सीनियर महिला टीम के लिए चार मुकाबले खेल चुकी हैं। उन्होंने भारतीय डिफेंस को चकमा देकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। 79वें मिनट में भारत की ओर से सुलांजना राउल ने बराबरी का गोल दागा। यह गोल उस समय हुआ जब उज्बेक डिफेंस रेमी थोकचोम के किए गए क्रॉस को साफ़ करने में नाकाम रही और मौके का फायदा उठाकर सुलांजना ने नेट में गेंद डाल दी।
गौरतलब है कि यह मैच रविवार को होना था, लेकिन स्टेडियम में परिचालन से जुड़ी समस्याओं के चलते इसे 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया था।दोनों टीमें अब बुधवार, 16 जुलाई को एक और मैत्रीपूर्ण मुकाबले में आमने-सामने होंगी। ये मुकाबले इस साल के अंत में होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप क्वालीफायर की तैयारी का हिस्सा हैं।