कोट-तुंगल में विधायक के बयान से भाजपा के भीतर समन्वय को लेकर उठी चर्चा
Summer express/मंडी, धर्मवीर-: सदर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के कोट-तुंगल में दिए गए बयान ने जिले की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। बुधवार को खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कोटली में पार्किंग निर्माण के लिए धनराशि जुटाने को लेकर अपना अनुभव साझा किया।विधायक ने कहा कि कोटली में पार्किंग निर्माण के लिए करीब दो करोड़ रुपये की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने सांसदों से 25-25 लाख रुपये की मदद मांगी थी, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर पार्किंग निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। अनिल शर्मा के अनुसार, मुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखने के बाद करीब दो करोड़ रुपये की राशि मंजूर हुई और अब पार्किंग निर्माण का काम शुरू हो चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में कॉलेज भवन के निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध हुई है। विधायक ने कहा कि उनके द्वारा शुरू करवाए गए विकास कार्यों को पूरा करवाने के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे। यदि किसी कार्य के लिए मौजूदा वित्त वर्ष में पर्याप्त धनराशि नहीं मिल पाती है तो अगले वर्ष भी उसके लिए प्रयास जारी रहेंगे।अनिल शर्मा के इस बयान को राजनीतिक दृष्टि से इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि हिमाचल प्रदेश के चारों लोकसभा सांसद भाजपा से हैं। ऐसे में भाजपा विधायक का सार्वजनिक मंच से सांसदों से अपेक्षित आर्थिक सहयोग नहीं मिलने और मुख्यमंत्री से संपर्क के बाद विकास कार्य के लिए धनराशि मिलने की बात कहना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।अनिल शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के पुत्र हैं और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। सदर क्षेत्र में हाल के दिनों में कई विकास कार्यों के लिए उनके प्रयासों से धनराशि मंजूर होने की बात भी सामने आई है।