Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में अक्टूबर माह के दौरान पर्यटकों की बढ़ने वाली आमद को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, शनिवार को नड्डी और डल झील में होने वाले राधाष्टमी स्नान को लेकर भी पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मैक्लोडगंज पुलिस थाना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और आगामी दिनों में बढ़ने वाले पर्यटकों के दबाव को लेकर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि अक्टूबर में मैक्लोडगंज और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होता है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध करवाया गया है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।उन्होंने बताया कि राधाष्टमी स्नान के लिए डल झील और नड्डी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए स्नान स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ-साथ यातायात को भी व्यवस्थित किया जाएगा।पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी जारी रहेगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।