Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-: पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले धर्मशाला और मैक्लोडगंज की खस्ताहाल सड़कों को सुधारने की कवायद तेज होने की उम्मीद है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सड़कों की स्थिति को लेकर जल्द ही जिला स्तर पर प्रशासन, एनएचएआई और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।उन्होंने कहा कि धर्मशाला से मैक्लोडगंज सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली कई सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है। पर्यटन सीजन में इन मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना जरूरी है।
पठानिया ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में भी क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाया था। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से सड़कों की मरम्मत के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत को लेकर एनएचएआई को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पुलिस अधीक्षक कांगड़ा से भी चर्चा हुई है। जल्द ही जिला प्रशासन, एनएचएआई और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सड़क सुधार को लेकर आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।धर्मशाला-मैक्लोडगंज के बीच खड़ा डंडा रोड की खराब स्थिति को लेकर भी विधायक ने कहा कि इस सड़क की मरम्मत करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन को देखते हुए सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभागों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए जाएंगे।उन्होंने भरोसा जताया कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले प्रमुख संपर्क मार्गों की स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी न हो।