summer express, सुन्दर कुंडू , पलवल। पलवल अनाज मंडी में 1509 किस्म के धान की आवक शुरू हो गई है। धान की खरीद को लेकर मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा किया गया है। मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी ने कहा कि किसानों को फसल बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पंकज विरमानी ने बताया कि मंडी में आढ़तियों द्वारा 1509 धान की खरीद सुचारू रूप से की जा रही है। इस बार 1509 धान का भाव करीब 3800 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है, जबकि पिछले सीजन में इसका भाव करीब 3000 रुपये प्रति क्विंटल था। उन्होंने बताया कि मंडी में अब तक करीब चार से पांच हजार बोरी धान की खरीद हो चुकी है।
चेयरमैन के अनुसार किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मंडी में बिजली, स्वच्छ पेयजल और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। धान की तुलाई में पारदर्शिता और सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसानों के बैठने के लिए 25 बेंच लगाए गए हैं और ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर भी लगाए गए हैं।
किसानों की सुविधा के लिए मंडी में हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां उन्हें खरीद प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, किसानों के लिए अटल कैंटीन शुरू की गई है, जहां उन्हें 10 रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराई जा रही है।
पंकज विरमानी ने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मार्केट कमेटी की ओर से खरीद प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कत न हो।