summer express ,पलवल। जिले में अवैध रूप से पटाखे बनाने और पैक करने के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चांदहट थाना क्षेत्र के गांव घाघोट में पुलिस ने तीन अलग-अलग मकानों पर छापेमारी कर 360 पेटियों में रखे 1 लाख 72 हजार 800 पटाखा माचिस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इन पटाखों का निर्माण और पैकिंग बिना लाइसेंस और आवश्यक परमिट के की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चांदहट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि घाघोट निवासी लियाकत, जहीर और सकुर, तीनों पुत्र फजरुदीन, अपने-अपने मकानों में छोटे पटाखे और कलर माचिस तैयार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंकज तिवारी, एसडीओ बिजली बोर्ड पलवल की मौजूदगी में तीनों मकानों पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
तलाशी के दौरान लियाकत के मकान से 124 पेटी, जहीर के मकान से 139 पेटी और सकुर के मकान से 97 पेटी पटाखे बरामद किए गए। इस तरह कुल 360 पेटियां पुलिस के कब्जे में ली गईं।
पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक पेटी में 48 बॉक्स और प्रत्येक बॉक्स में 10 पटाखा माचिस थीं। इस हिसाब से बरामद माल में कुल 17,280 बॉक्स और 1,72,800 पटाखा माचिस शामिल हैं। पुलिस ने बरामद पटाखों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
इस कार्रवाई के संबंध में चांदहट थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अवैध पटाखा निर्माण और पैकिंग से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
एसपी दीप्ति गर्ग ने कहा कि जिले में बिना लाइसेंस पटाखे बनाने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और कारोबार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।