चार दिन पहले दुबई की दो उड़ानों में 30 और 19 घंटे की देरी से हुआ था हंगामा
एजेंसी | नई दिल्ली
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शनिवार को स्पाइसजेट की कई उड़ानें परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण प्रभावित हुईं। कुछ उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ को रद्द करना पड़ा। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हवाईअड्डा प्रशासन ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि उसकी टीमें एयरलाइन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर प्रभावित यात्रियों को सहायता दे रही हैं।इससे पहले 15 सितंबर को दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की दो उड़ानों में 30 और 19 घंटे की देरी हुई थी। एसजी-5111 में करीब 130 और एसजी-5105 में लगभग 160 यात्री सवार थे। लंबे इंतजार से परेशान करीब 200 यात्रियों ने हवाईअड्डे पर विरोध प्रदर्शन किया था। एयरलाइन ने तब परिचालन कारणों का हवाला देते हुए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करने की बात कही थी।
स्पाइसजेट लंबे समय से वित्तीय और परिचालन चुनौतियों का सामना कर रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार सरकार एयरलाइन की स्थिति पर नजर रख रही है। एयरलाइन ने अतिरिक्त वित्तीय मदद नहीं मांगी है, लेकिन आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना के तहत धन जुटाने की कोशिश कर रही है।