summer express ,हिसार। हरियाणा और एनसीआर-दिल्ली से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश से मानसून की औपचारिक विदाई होने की संभावना है। मानसून की वापसी के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी और पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है। हालांकि सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और 29 व 30 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार हैं।
रविवार को रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, राजस्थान के ऊपर प्रति-चक्रवातीय परिसंचरण बनने के कारण हरियाणा-एनसीआर और दिल्ली में गर्म पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके प्रभाव से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है तथा कई स्थानों पर तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि 23 और 24 सितंबर को मौसम सामान्य रहने तथा आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तेज धूप के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 25 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से दक्षिणी-पश्चिमी हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, हालांकि हरियाणा में इसका तत्काल व्यापक असर पड़ने की संभावना कम है।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी राज्यों से मानसून की वापसी लगातार आगे बढ़ रही है। वर्तमान में मानसून की वापसी की रेखा राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला से होते हुए 29.5 डिग्री उत्तर अक्षांश और 71.5 डिग्री पूर्व देशांतर तक पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
उधर, उत्तर अंडमान सागर और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 21 सितंबर को अवसाद और 22 सितंबर को गहरे अवसाद में बदलने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण हिमाचल प्रदेश से हरियाणा, राजस्थान और गुजरात होते हुए अरब सागर तक ऊपरी हवा में टर्फ सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के बीच उत्तर-पश्चिमी राज्यों में मानसून की विदाई का क्रम जारी है, जबकि उत्तर-पूर्वी राज्यों में मानसूनी गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
रोहतक में अधिकतम 36.9 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 35.2 और 24.6 डिग्री, हिसार में 34.8 और 23.1 डिग्री, करनाल में 34.5 और 22.6 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 35.0 और 23.0 डिग्री तथा पानीपत में 35.1 और 23.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।