सागर पाहवा, मोहाली। मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कार्रवाई की है। यह कार्रवाई मोहाली के सनटेक सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े कथित फर्जी सहमति पत्र और किसानों के हस्ताक्षरों के मामले की जांच से जोड़कर देखी जा रही है। ED की टीम की कार्रवाई के बाद GMADA कार्यालय में हलचल बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में किसानों की कथित सहमति और हस्ताक्षरों से जुड़े मामले की जांच एजेंसी कर रही है। इसी जांच के सिलसिले में ED इससे पहले वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग वर्मा से जालंधर में आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ कर चुकी है।
इसके अलावा, उस समय टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से जुड़ी एक महिला IAS अधिकारी से भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में कथित तौर पर चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) की मंजूरियों और लेआउट में किए गए बदलावों से संबंधित पहलुओं पर जानकारी ली गई थी।
GMADA कार्यालय में ED की मौजूदा कार्रवाई के दौरान किन दस्तावेजों की जांच की गई और एजेंसी ने क्या जानकारी जुटाई, इसे लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। कार्रवाई से जुड़े अन्य पहलुओं और जांच की प्रगति के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।