summer express , मुंबई। IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय BTech छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे की मौत के मामले में परिवार ने FIR में नामजद दोनों आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे ने मंगलवार को कहा कि परिवार को किसी तरह का विवाद नहीं चाहिए, बल्कि मामले की निष्पक्ष जांच और बेटे के लिए न्याय चाहिए।
रवींद्र वाकोडे के मुताबिक, परिवार ने जांच अधिकारियों के समक्ष अपने बयान दर्ज करा दिए हैं और जांच में किसी तरह की बाधा नहीं डाली जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि FIR में नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक गिरफ्तारी की कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने कोई कार्रवाई की है तो इसकी जानकारी परिवार को दी जानी चाहिए।
साहिल के पिता ने बताया कि परिवार पवई में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य जांच को प्रभावित करना नहीं, बल्कि बेटे के लिए न्याय की मांग उठाना है। उन्होंने IIT में पहले हुई छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे मामलों की जांच को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।
परिवार के वकील एडवोकेट निखिल कांबले ने कहा कि उनकी मुख्य मांग FIR में नामजद शिरीष केदारे और सूर्यनारायण दुधला की गिरफ्तारी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ सकती है। कांबले ने स्पष्ट किया कि परिवार जांच प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाहता और चाहता है कि क्राइम ब्रांच निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच करे।
IIT बॉम्बे फैकल्टी फोरम की ओर से सामने आए दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांबले ने कहा कि परिवार आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ना चाहता। उनके मुताबिक, अलग-अलग दावों और प्रतिक्रियाओं से मामला आगे बढ़ने के बजाय विवाद बढ़ सकता है। परिवार की प्राथमिकता निष्पक्ष जांच और साहिल को न्याय दिलाना है।
साहिल रवींद्र वाकोडे IIT बॉम्बे में BTech के 20 वर्षीय छात्र थे। 18 सितंबर को उनकी मौत के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की थी। परिवार अब FIR में नामजद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।