summer express ,चेन्नई। तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले में थुरईमंगलम के पास त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे (NH-38) पर निजी बस और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रामनाथपुरम जिले के मुदुकुलाथुर स्थित ओरिवयाल गांव निवासी 38 वर्षीय कार्थी चेन्नई में काम करते थे। वह अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी सूर्या और गांव के दोस्तों के साथ गए थे। शादी के बाद कार्थी, उनकी पत्नी और दोस्त कार से चेन्नई लौट रहे थे।
इसी दौरान थुरईमंगलम के पास उनकी कार आगे जा रही एक निजी बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ओरिवयाल निवासी काजा उर्फ कालिश्वरन और रसिकुलम निवासी प्रभाकरन के रूप में हुई है।
हादसे में कार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पेरम्बलूर टाउन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार्थी की पत्नी सूर्या, कार चालक कन्नदासन, जॉन कैनेडी और सरन्या का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूर्या की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए तिरुचिरापल्ली के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिए हैं। पेरम्बलूर टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस चालक थूथुकुडी निवासी राजासीलन से पूछताछ कर रही है।