summer express , लुधियाना। महानगर में लूट और झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामले में सरस्वती मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास भतीजी को स्कूल से लेने पहुंचे युवक को तीन अज्ञात बदमाशों ने घेरकर लूट लिया। आरोपियों ने युवक की गर्दन पर तेजधार दातर रखकर जान से मारने की धमकी दी और उसका वनप्लस मोबाइल फोन व पर्स छीनकर फरार हो गए।
पुलिस को दिए बयान में अमन कुमार ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से भतीजी को स्कूल की छुट्टी के बाद लेने गया था। स्कूल के नजदीक पहुंचते ही अचानक तीन अज्ञात युवक उसके सामने आ गए। आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल को चारों ओर से घेरकर उसका रास्ता रोक लिया।
अमन के मुताबिक, इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, एक आरोपी ने लोहे का तेजधार दातर निकालकर उसकी गर्दन पर रख दिया। बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए शोर न मचाने के लिए कहा। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से वनप्लस मोबाइल फोन और पर्स जबरन निकाल लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।