Summer express/शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भारतीय जनता पार्टी के युवा, किसान और महिला मोर्चा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बीजेपी नेताओं ने शहर में पेयजल, सड़क, ट्रैफिक, पार्किंग, सफाई, तहबाजारी और रोजगार समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि राजधानी शिमला में आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार को प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाने चाहिए।शिमला जिला बीजेपी अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि शिमला देश और प्रदेश के लोगों के लिए महत्वपूर्ण पर्यटन एवं प्रशासनिक केंद्र है, लेकिन शहर में आम नागरिकों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने 24×7 पेयजल योजना को लेकर भी सवाल उठाए। चौहान के अनुसार करीब 972 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत प्रस्तावित 136 किलोमीटर पाइपलाइन में अब तक लगभग 51 किलोमीटर और 27 किलोमीटर फीडर लाइन में करीब 5 किलोमीटर काम पूरा हुआ है। उन्होंने सरकार से योजना की मौजूदा स्थिति और काम की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की।
सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी बीजेपी ने सरकार को घेरा। चौहान ने कहा कि बारिश के बाद शहर की कई सड़कों पर गड्ढों की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कमला नेहरू अस्पताल (KNH) मार्ग, खलीनी-बिहार लिंक रोड और एयरपोर्ट रोड पर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए दीर्घकालिक समाधान की मांग की।तहबाजारी को लेकर चौहान ने कहा कि यह मामला हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो, लेकिन पात्र लोगों की पहचान, वैकल्पिक व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। सफाई व्यवस्था पर उन्होंने 900 से अधिक सैहब कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए स्थायी व्यवस्था की मांग की।वहीं, हिमाचल बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने के वादे के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी।