Summer express/मंडी, धर्मवीर–: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। मंडी स्थित सर्किट हाउस में एनएचएआई अधिकारियों और निर्माण कार्य में जुटी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और स्थानीय लोगों की दिक्कतों से अधिकारियों को अवगत करवाया।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि कीरतपुर-मनाली और पधर-मंडी राजमार्ग निर्माण से जुड़ी समस्याओं को लेकर क्षेत्र के लोग लगातार उनसे संपर्क कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय जनता को आवागमन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं से संबंधित किसी तरह की परेशानी न हो।उन्होंने नेरचौक के डडोर चौक और नागचला फ्लाईओवर, मंडी-पंडोह के बीच नई टनलों, पंडोह-थलौट मार्ग के डयोड क्षेत्र, हणोगी पुल और मंदिर मार्ग सहित शालानाल के समीप बन रही बॉक्स टनल के कार्य को लेकर आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने प्रभावित गांवों में 70 मीटर तक प्रोटेक्शन वर्क से जुड़े कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए।जयराम ठाकुर ने झिड़ी में फ्लाईओवर निर्माण के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों का समाधान निकालने के लिए एनएचएआई अधिकारियों को जल्द स्थानीय लोगों के साथ बैठक करने को कहा। उन्होंने विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों को अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने का अवसर भी दिया और आवश्यक मामलों को मंत्रालय के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।इससे पहले उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विधायक प्राथमिकता और आपदा राहत से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोती, प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।