summer express ,लुधियाना । ससुराल पक्ष की कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगलने वाले नवविवाहित युवक मनदीप सिंह की मौत के बाद मामला गरमा गया है। मंगलवार को मृतक के परिजनों, महिलाओं और किसान संगठनों ने थाना डेहलों के बाहर पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने करीब 30 मिनट तक मुख्य मार्ग पर जाम लगाए रखा, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार मनदीप की सास जसविंदर कौर को पुलिस ने हवालात में रखने के बजाय थाने के एसी कमरे में बैठा रखा था। मृतक के परिजन भोला और किसान नेताओं ने पुलिस पर आरोपी पक्ष के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
परिजनों का कहना है कि मनदीप की सास को गिरफ्तार किए जाने के बावजूद उसे कथित तौर पर सामान्य हिरासत की बजाय विशेष सुविधा दी गई। इसी बात से नाराज होकर परिवार और किसान संगठनों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
मरने से पहले वीडियो में बताई थी आपबीती
बताया गया कि मनदीप की शादी करीब सात महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी पिछले करीब 10 दिनों से मायके में रह रही थी। जहरीला पदार्थ निगलने से पहले मनदीप ने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने ससुराल पक्ष के साथ चल रहे विवाद और अपनी परेशानी के बारे में बताया था।
मनदीप ने कथित तौर पर वीडियो में कहा था कि उसने अपनी पत्नी को साथ भेजने के लिए उसकी मां से काफी आग्रह किया, लेकिन उसे मना कर दिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया था कि पहले भी उससे माफी मंगवाई गई थी और घटना वाले दिन भी पत्नी ने अपनी मां से माफी मांगने के लिए कहा था। इसके बाद उसने मानसिक रूप से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना डेहलों प्रभारी गुरमीत सिंह ने बताया कि घटना के समय वह आधिकारिक कार्य से थाने से बाहर थे। उन्होंने कहा कि मनदीप सिंह की मौत के मामले में मृतक के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी सास जसविंदर कौर को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी ने पुलिस पर लगाए गए वीआईपी ट्रीटमेंट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता या कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।