Summer express/शिमला-:रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तकलेच पहुंचने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच ग्रामीणों ने कतारों में खड़े होकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान विभिन्न स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित कर क्षेत्र से जुड़ी मांगों को उनके समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने तकलेच स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के अंतर्गत लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पहले सीबीएसई शिक्षा प्राप्त करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने के साथ-साथ गांवों से पलायन को भी बढ़ावा मिलता था।उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल शुरू करने का निर्णय इसी उद्देश्य से लिया गया है कि ग्रामीण बच्चों को उनके घर के समीप आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इससे परिवारों के शिक्षा संबंधी खर्च में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।मुख्यमंत्री ने तकलेच में नया बस स्टैंड स्थापित करने की दिशा में सर्वे करवाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विभिन्न सम्पर्क मार्गों के निर्माण और सुधार के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तकलेच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।