summer express ,अंकुर कपूर, अंबाला। त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों को साइबर ठगी और नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए जीआरपी अंबाला छावनी ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने यात्रियों को सफर के दौरान सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ निजी या बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को समझाया कि वे अपना मोबाइल फोन किसी अनजान व्यक्ति को न दें। इसके साथ ही बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ओटीपी मांगता है तो उसे लेकर तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए।
पुलिस ने यात्रियों को साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने की सलाह दी। अधिकारियों के अनुसार, यदि गलती से ओटीपी साझा हो जाता है या किसी तरह की साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो तुरंत सिम ब्लॉक करवाने के साथ 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
अभियान के दौरान यात्रियों को नशे के खिलाफ भी जागरूक किया गया। जीआरपी SHO राजेश कुमार ने यात्रियों से अपील की कि रेलवे स्टेशन या ट्रेन में किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी या नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत जीआरपी को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कहा कि यात्रियों की सतर्कता से साइबर अपराध और नशे की तस्करी पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।