summer express,कैथल, बलिंदर कुमार। कैथल शहर में वाहन चालकों को बेहतर गुणवत्ता वाला ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल हुई है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने दाऊ पेट्रोल पंप को प्रीमियम पेट्रोल फिलिंग स्टेशन के रूप में शुरू किया है। इस अवसर पर एचपीसीएल कुरुक्षेत्र की एरिया मैनेजर सेल्स भूमिका खन्ना ने रिबन काटकर प्रीमियम पेट्रोल की बिक्री की शुरुआत की।
भूमिका खन्ना ने कहा कि आज वाहन चालक केवल पेट्रोल की उपलब्धता नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता, इंजन की परफॉर्मेंस और माइलेज को भी प्राथमिकता देते हैं। प्रीमियम पेट्रोल को आधुनिक वाहनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके इस्तेमाल से बेहतर इंजन परफॉर्मेंस, सुचारू ड्राइविंग और बेहतर माइलेज में मदद मिलने की उम्मीद है। उन्होंने वाहन चालकों से प्रीमियम या पावर पेट्रोल का इस्तेमाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ग्राहक अपने खर्च के अनुरूप बेहतर उत्पाद के साथ अच्छी सर्विस की भी अपेक्षा करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एचपीसीएल की ओर से पेट्रोल पंप पर आने वाले ग्राहकों के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे वॉशरूम और निशुल्क एयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
दाऊ पेट्रोल पंप पिछले करीब 15 वर्षों से हिंदुस्तान पेट्रोलियम से जुड़कर कैथल शहर और आसपास के वाहन चालकों को सेवाएं दे रहा है। अब प्रीमियम पेट्रोल फिलिंग स्टेशन शुरू होने के बाद ग्राहकों को सामान्य पेट्रोल के साथ बेहतर गुणवत्ता वाले प्रीमियम पेट्रोल का विकल्प भी मिल सकेगा।
पंप मालिक शीशपाल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से ग्राहकों को बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रीमियम पेट्रोल की सुविधा शुरू होने से वाहन चालकों को एक और विकल्प मिला है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ईंधन की गुणवत्ता के साथ ग्राहकों को स्वच्छ पेयजल, साफ वॉशरूम और निशुल्क एयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में मौजूद ग्राहकों ने भी प्रीमियम पेट्रोल की शुरुआत को उपयोगी बताया। उनका कहना था कि बेहतर माइलेज और इंजन की सुचारू कार्यप्रणाली के लिए यह विकल्प वाहन चालकों के लिए फायदेमंद हो सकता है। ग्राहकों ने कहा कि ईंधन की गुणवत्ता के साथ पेट्रोल पंप पर स्वच्छता और अच्छी सुविधाएं भी महत्वपूर्ण हैं।