summer express ,अंबाला, अंकुर कपूर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबाला शहर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे लोगों को अपने लंबित कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। पेंशन, आयुष्मान कार्ड, नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, फैमिली आईडी समेत कई विभागों से संबंधित कार्य मौके पर ही निपटाए गए।
शिविर में हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें शिविर में पहुंचने वाले लोगों के कार्यों और उनके निपटारे की प्रक्रिया के बारे में बताया।
असीम गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा गतिविधियों के जरिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि देशभर में इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में सेवा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना तथा लंबित मामलों का मौके पर समाधान करना है।
शिविर में नगर निगम, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और फैमिली आईडी समेत अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों के दस्तावेज और आवेदन की जांच कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
शिविर में पहुंचे लोगों ने भी आयोजन को उपयोगी बताया। नागरिकों का कहना था कि कई कामों के लिए उन्हें पहले सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन शिविर में संबंधित अधिकारी एक ही जगह उपलब्ध होने के कारण उनके कार्य कम समय में पूरे हो गए। लोगों ने इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग भी रखी।