summer express,हिंगोली। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में देर शाम पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लगने के बाद हुए सिलसिलेवार धमाकों में दो लोगों की मौत हो गई। घटना शहर के पुराने हिस्से में स्थित घनी आबादी वाले मारवाड़ी गली इलाके में रात करीब आठ बजे हुई। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारी के अनुसार, गोपाल बस्तवार के स्वामित्व वाले पटाखों के गोदाम में अचानक आग लगी और देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में रखे पटाखों के फटने से रुक-रुककर तेज धमाके होते रहे और आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी भी आग की चपेट में आ गई।
हादसे में आसपास के कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कई दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आ गए। आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके कारण अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने से राहत एवं बचाव कार्य भी प्रभावित हुआ। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है।
फिलहाल दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और घटनास्थल की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।