summer express,अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले की मांगलियावास थाना पुलिस ने 26 साल से फरार चल रहे डकैती के आरोपी दल्ला उर्फ रमेश उर्फ दल्ला बारिया को मध्य प्रदेश के झाबुआ से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था। अजमेर पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से उसकी पहचान और ठिकाने की पुष्टि करने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के मुताबिक, वर्ष 2000 में एनएच-8 स्थित वैष्णो देवी पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात हुई थी। इस मामले में दल्ला समेत अन्य आरोपियों ने पेट्रोल पंप से 1 लाख 64 हजार 513 रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद पुलिस ने मामले में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दल्ला लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में टीम ने मध्य प्रदेश के अलग-अलग गांवों में कई बार दबिश दी। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिसकर्मी कभी पोस्टमैन तो कभी मजदूर का भेष धारण कर इलाके में घूमते रहे। लगातार जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मौजूद होने का पता चला।
इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में दबिश देकर दल्ला उर्फ रमेश उर्फ दल्ला बारिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके फरार रहने के दौरान की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।