summer express,तरनतारन |तरनतारन जिले के खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र में दो युवकों की हत्या कर शव कूड़े के ढेर के पास फेंकने का मामला सामने आया है। बुधवार तड़के पक्खोपुर अड्डा के लिंक रोड किनारे दो शव पड़े मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चोहला साहिब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान पक्खोपुर निवासी पलविंदर सिंह और खारा गांव निवासी गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों की हत्या संभवत: किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शवों को चोहला साहिब के पास लाकर फेंका गया। घटनास्थल से गोलियों के खोल और तेजधार हथियार भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मृतकों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
SSP सुरिंदर लांबा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर भेजी गई हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।