Summer express, ऊना, राकेश शर्मा। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में धार्मिक स्थल पीरनिगाह के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और तीन वर्षीय पौते की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। सभी लोग पंजाब के कपूरथला जिले के प्लथ गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला को पीजीआई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लाडी पुत्र लामिया अपने परिवार के साथ धार्मिक स्थल पीरनिगाह में माथा टेकने आया था। परिवार के सदस्य मोटरबाइक कार्ट पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीखी उतराई पर वाहन की ब्रेक फेल हो गई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन पर सवार परिवार के सभी सदस्य घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने लाडी के तीन वर्षीय बेटे अखिल और उसकी माता जीलो पत्नी लामिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लाडी की पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल अन्य बच्चों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भी पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।