summer express , गुरुग्राम। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रजोकरी बॉर्डर, आया नगर बॉर्डर, डूंडाहेड़ा बॉर्डर समेत दिल्ली में प्रवेश करने वाले प्रमुख रास्तों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वाहनों की सघन जांच के कारण सुबह नौ बजे के बाद कई जगहों पर लंबा जाम लग गया, जिससे गुरुग्राम से दिल्ली जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर रजोकरी बॉर्डर के पास बैरिकेडिंग की है। सुबह के शुरुआती घंटों में यातायात सामान्य रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने वाहनों को रोककर जांच शुरू कर दी। प्रत्येक वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्रों की जांच के बाद ही दिल्ली की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। रात के दौरान भी पुलिस ने कई बार बैरिकेडिंग कर लोगों से पूछताछ की और उनके पहचान पत्र जांचे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने रजोकरी के अलावा आया नगर, डूंडाहेड़ा और अन्य प्रवेश मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई है। पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि कहीं प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोग दिल्ली तो नहीं जा रहे हैं। सघन जांच के चलते बॉर्डर पर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई।
प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। आम आदमी पार्टी से जुड़ी डॉ. सारिका भारद्वाज के सेक्टर-31 स्थित आवास पर पुलिस पहुंची और उन्हें दिल्ली जाने से रोक दिया। डॉ. भारद्वाज ने वीडियो साझा कर कहा कि वह प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नहीं, बल्कि अपने क्लीनिक जा रही थीं। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मी उनके साथ क्लीनिक तक गए।
इसके अलावा कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के कई नेताओं को भी सीआईडी की ओर से फोन किए गए। उनसे उनकी गतिविधियों और आने-जाने की योजना के बारे में जानकारी ली गई। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस की सख्ती और सीमावर्ती इलाकों में जांच के कारण दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।