Summer express, मोनिका रावत , चंडीगढ़ I पंजाब के निलंबित डीआइजी हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ रिश्वत मामले में शिकायतकर्ता आकाश बत्ता का क्रास एग्जामिनेशन मंगलवार को दोबारा होगा। सोमवार को विशेष सीबीआइ अदालत में बचाव पक्ष के वकीलों ने शिकायतकर्ता से सवाल-जवाब किए, लेकिन तबीयत बिगड़ने के कारण जिरह पूरी नहीं हो सकी। अदालत ने गवाह को 13 अक्टूबर को आगे की जिरह के लिए पेश होने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को शिकायतकर्ता को कड़ी सुरक्षा में जिरह के लिए कोर्ट लाया गया। हालांकि कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी। गवाह की अचानक तबीयत खराब हो गई और उन्हें बुखार, शरीर में दर्द और पसीना आने लगा। जिसके बाद उसकी आगे की जिरह स्थगित कर दी गई। वही, बचाव पक्ष के वकीलों को दोनों आरोपितों से अदालत में बातचीत करने की अनुमति भी दी गई।
ईडी कर रही 129 एकड़ जमीन की जांच
दूसरी ओर, भुल्लर के खिलाफ ईडी मनी लांड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है। एजेंसी को पंजाब में उसकी करीब 129 एकड़ जमीन होने की जानकारी मिली है। जांच में संपत्तियों, आय के स्रोतों और संदिग्ध लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। इससे पहले ईडी ने भुल्लर का कोर्ट से आठ दिन का रिमांड लिया गया था।
यह है मामला
भुल्लर को सीबीआइ ने पिछले साल मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी आकाश बत्ता से आठ लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद सेक्टर-40 स्थित उनके आवास की तलाशी में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये नकद, लगभग ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी घड़ियां और करीब ढाई किलो सोना बरामद हुआ था।