Summer express, अंकुर कपूर, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस महासचिव एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने सरकार से चुनावी वादों का हिसाब मांगते हुए श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और गरीब परिवारों से कई बड़े वादे किए थे। अब सरकार को बताना चाहिए कि इनमें से कितने वादे पूरे हुए, कितनों पर काम चल रहा है और बाकी घोषणाओं को कब तक पूरा किया जाएगा। जनता को केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस परिणाम और पारदर्शी जवाब चाहिए।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने का वादा किया था। सरकार स्पष्ट करे कि वर्तमान में कितनी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है, कितनी महिलाएं पात्र हैं और बाकी पात्र महिलाओं को कब से राशि दी जाएगी। उन्होंने प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की घोषणा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बताए कि अब तक कितने परिवारों को इसका लाभ मिला है और कितने मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
सांसद ने युवाओं से जुड़े चुनावी वादों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ने दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां और पांच लाख अन्य रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया था। सरकार को पिछले दो वर्षों में हुई नियमित भर्तियों, सृजित रोजगार के अवसरों और प्रशिक्षुता के तहत लाभान्वित युवाओं की संख्या का विवरण देना चाहिए। उन्होंने हरियाणा को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक कौशल शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने की घोषणा पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि इस दिशा में कितने प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए और कितने युवाओं को रोजगार मिला।
किसानों के मुद्दे पर कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद का वादा किया था। सरकार को प्रत्येक फसल की खरीद, लाभान्वित किसानों की संख्या और भुगतान का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने पांच लाख शहरी और ग्रामीण आवास उपलब्ध कराने की घोषणा पर भी जवाब मांगा। उनके अनुसार, सरकार को बताना चाहिए कि कितने मकान स्वीकृत हुए, कितनों का निर्माण पूरा हुआ और कितने आवास लाभार्थियों को सौंपे गए।
कुमारी सैलजा ने दस आधुनिक औद्योगिक शहर विकसित करने के वादे पर भी प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि अब तक कितना निवेश आया और स्थानीय युवाओं को कितने रोजगार मिले। इसके अलावा, गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले और अंत्योदय परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना के लाभार्थियों का ब्यौरा भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की कॉलेज छात्राओं को स्कूटर देने की घोषणा पर सवाल उठाते हुए जिलेवार लाभार्थियों की जानकारी मांगी।
सांसद ने सभी मरीजों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा, प्रत्येक जिले में ओलंपिक खेल नर्सरी स्थापित करने और हरियाणा के प्रत्येक अग्निवीर को सरकारी नौकरी देने की गारंटी से संबंधित घोषणाओं की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि कितने अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस उपलब्ध है, कितनी खेल नर्सरियां संचालित हो रही हैं और कितने पात्र पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरी मिली है।
कुमारी सैलजा ने 36 बिरादरियों के कल्याण बोर्ड के गठन, सामाजिक पेंशन में वैज्ञानिक फार्मूले के आधार पर वृद्धि, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को मेडिकल तथा इंजीनियरिंग शिक्षा के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति देने और ओबीसी उद्यमियों को 25 लाख रुपये तक ऋण गारंटी उपलब्ध कराने के वादों पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत लाभार्थियों की संख्या, बजट और अब तक किए गए खर्च का विवरण सामने आना चाहिए।
परिवहन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी घोषणाओं पर भी कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा है। कुमारी सैलजा ने हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, वंदे भारत रेल सेवाओं, चार रैपिड रेल मार्गों, इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो और दक्षिण हरियाणा में प्रस्तावित 10 हजार एकड़ के अरावली जंगल सफारी पार्क की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार इन परियोजनाओं की मंजूरियों, अब तक हुई प्रगति और उन्हें पूरा करने की समयसीमा स्पष्ट करे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि भाजपा सरकार अपने दो साल के कार्यकाल का वादावार श्वेतपत्र जारी करे। इसमें प्रत्येक चुनावी घोषणा की वर्तमान स्थिति, उस पर खर्च की गई राशि, लाभार्थियों की संख्या और अधूरे कार्यों को पूरा करने की समयसीमा का उल्लेख होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही सरकार की जिम्मेदारी है। हरियाणा के लोगों को चुनावी वादों पर ठोस कार्रवाई और पारदर्शी जवाब मिलना चाहिए।