Summer express, डिसपुर। दिवंगत असमिया गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने सोमवार को सोनापुर स्थित जुबीन क्षेत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान गायक से जुड़े संगीतकारों और सैकड़ों प्रशंसकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच, कानूनी प्रक्रिया में तेजी और दोषियों को सजा दिलाने की मांग दोहराई।
यह प्रदर्शन गुवाहाटी हाईकोर्ट द्वारा मामले की आरोपी गायिका अमृतप्रभा महंता को हाल ही में जमानत दिए जाने के बाद आयोजित किया गया। जमानत के फैसले के बाद गायक के परिवार और समर्थकों के बीच मामले की जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया को लेकर चिंता बढ़ गई है। गरिमा सैकिया गर्ग ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से एकजुट होकर न्याय की मांग उठाने की अपील की थी।
पत्रकारों से बातचीत में गरिमा ने आरोपी को जमानत दिए जाने के आधार पर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि मामले के अन्य आरोपियों को भी जमानत मिल जाती है, तो जांच और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि परिवार न्याय चाहता है और यह जानना चाहता है कि जमानत किन परिस्थितियों में दी गई। उन्होंने सबूतों के साथ संभावित छेड़छाड़ को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
गरिमा ने कहा कि जुबीन गर्ग के लाखों प्रशंसक हैं और असम के लोग उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतने गंभीर मामले में साजिश के आरोपों का सामना कर रहे लोगों को सुनवाई पूरी होने से पहले रिहा कर दिया जाता है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर क्या भरोसा रह जाएगा। उन्होंने विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से मजबूत आरोपपत्र दाखिल किए जाने की खबरों का उल्लेख करते हुए भी जमानत के फैसले पर सवाल उठाए।
हालांकि, गरिमा ने न्यायपालिका में अपना विश्वास जताते हुए कहा कि परिवार को अदालतों से न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया सही दिशा में आगे बढ़नी चाहिए, ताकि मामले से जुड़े सवालों का उचित जवाब मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोगों की चिंताओं का समाधान नहीं हुआ, तो असम में विरोध प्रदर्शन जारी रह सकते हैं।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मामले की निष्पक्ष सुनवाई और जल्द न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में उनके परिवार और प्रशंसक लगातार न्याय की मांग उठा रहे हैं।