Summer express, अनुज पंचाल, गुरुग्राम। गुरुग्राम के पटौदी रोड पर खवासपुर गांव के पास सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अमित यादव की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बुलेट बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अमित काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग उनकी मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे। बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अमित यादव 32 वर्ष के थे और मूल रूप से गुरुग्राम के बासलांबी गांव के रहने वाले थे। वह दिल्ली के कल्याणपुरी थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने में लगाई गई थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात ड्यूटी के दौरान अमित ने फोन पर अपनी पत्नी और दोनों बेटियों से बातचीत की थी। उन्होंने सोमवार सुबह घर लौटने का भरोसा भी दिलाया था, लेकिन सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके पैतृक गांव बासलांबी में भी शोक का माहौल है।
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में अमित सड़क पर घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि आसपास मौजूद कुछ लोग उनकी मदद करने या उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। इस घटना ने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।