Summer express/कांगड़ा-:जिला कांगड़ा में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। जिले के मैदानी क्षेत्रों में सुबह-सुबह आसमान में काले बादल छाने के बाद गरज के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास भी बढ़ने लगा है।सुबह के समय आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच बिजली चमकने और बादलों के गरजने के साथ बारिश शुरू हुई। देखते ही देखते बारिश ने मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के साथ चल रही हल्की ठंडी हवाओं ने भी लोगों को सर्दी का अहसास करवाना शुरू कर दिया है।
मौसम में आए इस बदलाव के बाद सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। खासकर सुबह के समय घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम के इस बदले मिजाज का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है।वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।फिलहाल, कांगड़ा के मैदानी इलाकों में बारिश के चलते मौसम सुहावना होने के साथ ठंडा भी हो गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को मौसम के उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत भी महसूस होने लगी है।