सहजप्रीत सिंह |लुधियाना
समर न्यूज
महानगर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि घर के बाहर खड़ी कार भी सुरक्षित नहीं रह गई है। सोमवार देर रात तीन अज्ञात बदमाश दूसरी i20 कार में सवार होकर पहुंचे और घर के बाहर खड़ी एक अन्य i20 कार के टायर खोलने लगे। आरोपी करीब 25 से 30 मिनट तक बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे और तीन पहिए खोलकर ले गए।
चौथा टायर खोलते समय राहगीरों की नजर उन पर पड़ गई। लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी अपनी कार लेकर फरार हो गए। राहगीरों ने स्विफ्ट और वैगनआर कारों से करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार से भाग निकले। वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। विक्की मेडिसिन मार्केटिंग का काम करते हैं। उन्होंने रोजाना की तरह अपनी आई20 कार घर के बाहर खड़ी की थी।
परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें आरोपी वारदात करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को सूचना दे दी गई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी कार का नंबर पता लगाने में जुटी है।